लखनऊ नीट परीक्षा पर सियासत तेज, अजय राय ने केंद्र सरकार को घेरा यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नीट परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान अजय राय ने पेपर लीक के मामलों पर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नीट समेत कई राष्ट्रीय परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्र-छात्राएं मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। अजय राय ने प्रश्नपत्र छापने वाली निजी कंपनियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि सरकार असली दोषियों तक पहुंचने में नाकाम रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाती रहेगी। साथ ही अजय राय ने एसआईटी जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए और सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।

