उत्तर प्रदेश में समय से पूर्व चुनाव की आहट के बीच भाजपा जल्द ही सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर विमर्श शुरू करेगी।पार्टी नेतृत्व इसके लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार और केंद्रीय संगठन की नई टीम गठित होने का इंतजार कर रहा है।गौरतलब है कि इस संदर्भ में राज्य में भाजपा की दो सहयोगी दलों सुभासपा और निषाद पार्टी के मुखिया ने बृहस्पतिवार को भाजपा नेतृत्व से मुलाकात कर राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के साथ सीट बंटवारे पर मंथन शुरू करने का अनुरोध किया।
मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर बुधवार को भारत मंडपम में हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेने यहां आए सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।इसके बाद राजभर और निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद ने यूपी में भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री सुनील बंसल से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक इन मुलाकातों में दोनों नेताओं ने सीट बंटवारे पर जल्द से जल्द विमर्श शुरू करने का अनुरोध किया।पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं को इसी महीने के अंत तक विमर्श शुरू करने का आश्वासन दिया।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी भी चाहती है कि विधानसभा चुनाव के लिए जल्द तैयारी शुरू की जाए।इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम गठित्त करने पर अंतिम फैसला हो गया है।पंकज व संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने नई टीम के गठन के संदर्भ में पार्टी अध्यक्ष व संगठन महासचिव से मुलाकात की है।सूत्रों के मुताबिक छह क्षेत्रीय अध्यक्षों में से गोरखपुर और वाराणसी के मामले में पेच फंसा था।इस मुद्दे का सुलझा लिया गया है। अब चौधरी इसी हफ्ते अपनी नई टीम की घोषणा कर देंगे।नई टीम में सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चाओं में नए चेहरे को मौका मिलेगा।इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी में भी 50 फीसदी नए चेहरे होंगे।
विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व की कोशिश सहयोगी दलों के साथ चुनाव प्रचार और चुनावी रणनीति का साझा रोडमैप तैयार करने की है।

