गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार देवरानी-जेठानी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और एक मासूम बच्ची घायल हो गए। हादसा नगर से बहरियाबाद जाने वाली सड़क पर शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे हुआ।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि (25) अपनी सास की तबीयत खराब होने के कारण आजमगढ़ गए थे। वहां से लौटते समय उनके साथ उनकी पत्नी काजल गिरि (23), भाभी रितु देवी (25), दो माह की पुत्री शेजल और एक वर्षीय पुत्री श्रेया बाइक पर सवार थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही परिवार शरीफपुर स्थित अंडरपास के नीचे पहुंचा, पीछे से आ रही एक यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सभी सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि बस चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ गया और सड़क पर गिरी काजल तथा रितु को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में काजल की गोद में मौजूद दो माह की शेजल की भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस का पीछा किया और कोतवाली क्षेत्र के पास वाहन को रोक लिया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर में कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका रितु देवी की कोई संतान नहीं थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मिर्जापुर से सैदपुर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
