मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश।द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन समारोह उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन/टेबल टेनिस) प्रतियोगिता (महिला/पुरूष) 2025-26 का भव्य उद्घाटन आज दिनांकः 09.05.2026 को मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा बीबीडी बैडमिंटन अकादमी, विपिन खण्ड गोमतीनगर, लखनऊ में किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर श्री राजीव कृष्ण , पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा मा0 मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा उद्घाटन के अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी किया गया तथा कुशल/अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी उ0नि0 सिमरन चौधरी के साथ बैडमिंटन खेल कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर उ0प्र0 पुलिस बैडमिंटन टीम के कुशल/अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मुख्य आरक्षी कपिल चौधरी द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल में निष्ठा लगन एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने हेतु शपथ दिलायी गयी। इस दौरान यूपी में खेल व खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी तथा 35वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने मधुर लहरियां प्रस्तुत की गयीं। उत्कृष्ट बैंड वादन के लिये मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा बैंड प्रभारी एचसीपी श्री विष्णु प्रताप को पुरस्कृत किया गया।
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे बैडमिंटन में शटल कॉक को गिरने नहीं दिया जाता, वैसे ही जीवन में सपनों और हौसलों को टूटने नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता, समर्पण और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की सीख देता है। अर्जुन को एकाग्रता और समर्पण का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में नया स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित हुआ है, जिससे खिलाड़ियों को व्यापक अवसर मिल रहे हैं। खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद एवं विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं और ग्रामीण लीग जैसी योजनाओं ने गांव-गरीब और अंतिम पायदान तक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों को सुविधाओं और अवसरों के अभाव में उपेक्षा झेलनी पड़ती थी, जबकि अब पारदर्शी भर्ती, पदोन्नति और पुरस्कार व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में दो प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सीधी भर्ती और नकद पुरस्कार जैसी व्यवस्थाएं लागू की हैं। अब तक सैकड़ों खिलाड़ियों को पुलिस और विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति एवं पदोन्नति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और प्रत्येक जनपद में स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा अपने संबोधन में मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 के उद्घाटन के अवसर पर अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिये आभार व्यक्त करते हुये सभी खिलाड़ियों, टीम मैनेजर्स, कोच एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को नई दिशा मिली है तथा ‘कुशल खिलाड़ी योजना’ जैसी पहलों ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से प्रदेश में खेल संस्कृति निरंतर सशक्त हो रही है।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 ने कहा कि पुलिस बल के लिए खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और कर्तव्यनिष्ठा का आधार हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा नियमित प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और अभ्यास सत्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और अनुशासन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल के मूल्यों को आत्मसात करना है। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं को प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
प्रतियोगिता का आयोजन 9-13 मई 2026 तक किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों, 03 केन्द्र शासित प्रदेशों, केन्द्रीय बलों की 06 टीमें, जिसमें बीपीआरडी, एनएसजी, एसवीएनपीए, सीबीआई, एनडीआरएफ एवं आईबी सम्मिलित हैं, तथा अर्धसैनिक बलों की 07 टीमें, जिसमें बीएसएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, सीआरपीएफ, असम राइफल्स, आरपीएफ एवं आईटीबीपी शामिल हैं, के लगभग कुल 1400 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम वर्क तथा आपसी समन्वय को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के दौरान बैडमिन्टन एवं टेबल टेनिस खेल विधाओं में देशभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन करेंगे। बैडमिन्टन प्रतियोगिताओं के मैच बीबीडी अकादमी, गोमतीनगर एवं शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे, जबकि टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं के मैच के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में सम्पन्न कराए जाएंगे।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री संजय प्रसाद , मुख्यमंत्री कार्यालय के सलाहकार श्री अवनीश अवस्थी , अपर निदेशक (एसआईबी) श्रीमती विनीता शर्मा , अपर पुलिस महानिदेशक (पीएसी) डॉ. आर0के0स्वर्णकार , उ0प्र0 बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष श्री नवनीत सहगल , चेयरमैन श्री विराज सागर दास , पुलिस महानिरीक्षक पीएसी (मध्य जोन) व सचिव यूपी पुलिस स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।
द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन समारोह















Leave a Reply