https://indianlive24.com

NATIONAL HINDI NEWS PORTAL

वसूली कांड में गौतमपल्ली के प्रभारी निरीक्षक लाइन हाजिर कई पुलिसकर्मियों पर बैठी जांच

लखनऊ के गौतमपल्ली थाने से जुड़ा कथित वसूली कांड अब बड़ा मामला बनता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण में प्रभारी निरीक्षक रत्नेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य पुलिसकर्मियों की जांच जारी है। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि बंदरिया बाग चौकी से जुड़े पुलिसकर्मियों ने दो दिन पहले एक व्यक्ति को पकड़ा था। आरोप है कि बाद में कथित लेन-देन के बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया था। सूत्रों का दावा है कि पूरे मामले में लाखों रुपये की वसूली हुई है और पुलिस कमिश्नर स्तर पर जांच के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
अंदरखाने यह भी चर्चा है कि पूरे थाने के स्टाफ पर भी बड़ी कार्यवाही हो सकती है या हो चुकी है। हालांकि पूरा थाना लाइन हाजिर किए जाने की बात की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि जांच में आरोप पुष्ट होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
फिलहाल, पुलिस विभाग की ओर से औपचारिक पुष्टि होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *