विकास नगर में शूज की दुकान में आग लगने पर पाया गया काबू दमकल कर्मियों ने आग बुझाई।एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची।लगभग 40 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा AC का कंप्रेसर फट जाने से लगी आग
घटना सोमवार सुबह करीब 11:58 बजे की है। महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित मार्केट की ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर संचालित जूता-चप्पल की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान का संचालन मोहम्मद समीर और मोहम्मद हसीन द्वारा किया जाता है। दुकान के पीछे रिहायशी मकान भी बने हुए हैं।
आग की सूचना मिलते ही विकासनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को तत्काल खाली कराया और घरों में रखे एलपीजी सिलेंडर समेत अन्य ज्वलनशील सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
अग्निशमन केंद्र इंदिरानगर, हजरतगंज और बीकेटी से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इंदिरानगर फायर स्टेशन की पहली यूनिट करीब 12:11 बजे घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाद में अन्य दमकल वाहनों के पहुंचने पर संयुक्त रूप से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की समन्वित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद फायर विभाग ने आग बुझाने का कार्य पूरा कर लिया। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है।
वहीं आग लगने की सूचना पर मौके पर बिजली विभाग के संबंधित भी पहुंचे उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आज ऐसी का कंप्रेशर फटने से लगी थी और आग को समय रहते बुझा लिया बिजली के तारों से कोई भी आग नहीं लगी है। बिजली के पोल से मीटर तक जो भी तार लगे हैं विभाग की टीम मौके पर है और विजलेंज की भी टीम पहुंची है कुछ संदिग्ध चीजें मिली है जांच की जा रही अगर कुछ खामियां मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी
डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि महावीर इंटर कॉलेज के सामने जूता-चप्पल की दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर भेजा गया। एहतियात के तौर पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। सभी एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग लगने के कारणों की जांच फायर विभाग द्वारा की जा रही है।
