लखनऊ अधिवक्ता के वेश में सक्रिय होकर भूमि, भवन, प्लॉट, मकान एवं अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तथाकथित अधिवक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ का विशेष प्रकोष्ठ (Special Cell) सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों से पीड़ित है, तो वह अपनी शिकायत सीधे विशेष प्रकोष्ठ में दर्ज करा सकता है।
यह विशेष प्रकोष्ठ माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद, लखनऊ खंडपीठ में विचाराधीन क्रिमिनल रिट पिटीशन संख्या 8810/2023 (अनिल कुमार खन्ना बनाम उत्तर प्रदेश सरकार एवं अन्य) में दिनांक 02 दिसंबर 2023 को पारित आदेश के अनुपालन में गठित किया गया है। इसके क्रम में 08 दिसंबर 2023 को पुलिस आयुक्त लखनऊ द्वारा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए इस विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया गया।
प्रकोष्ठ का उद्देश्य अधिवक्ता का वेश धारण कर संगठित गिरोह के रूप में भूमि, भवन, प्लॉट, मकान एवं अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निगरानी करना तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
माननीय उच्च न्यायालय ने इस विशेष प्रकोष्ठ के संबंध में समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में वर्तमान समय में प्राप्त हो रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर आमजन को इस सुविधा की जानकारी देने का निर्णय लिया है, ताकि पीड़ित व्यक्ति बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कार्यालय परिसर स्थित कक्ष संख्या-36 में यह विशेष प्रकोष्ठ संचालित किया जा रहा है। प्रकोष्ठ के प्रभारी उप निरीक्षक श्री रामेश्वर तिवारी हैं, जिनका मोबाइल नंबर 9454634500 है।
यदि किसी व्यक्ति को अधिवक्ता के वेश में सक्रिय आपराधिक तत्वों द्वारा भूमि कब्जाने, धोखाधड़ी, दबंगई अथवा अन्य आपराधिक कृत्यों के संबंध में शिकायत करनी है, तो वह कक्ष संख्या-36, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कार्यालय, लखनऊ में उपस्थित होकर अपना प्रार्थना-पत्र दे सकता है। साथ ही, संबंधित थाने पर शिकायत दर्ज कराने एवं कार्रवाई की पूर्व से लागू व्यवस्था भी यथावत जारी रहेगी।
लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों में बिना किसी संकोच के शिकायत करें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और आमजन की संपत्ति एवं अधिकारों की सुरक्षा हो सके।
