बाराबंकी/मसौली पत्रकारिता की आड़ में कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और उगाही करने का सनसनीखेज मामला मसौली क्षेत्र में सामने आया है। बिजली विभाग के अवर अभियंता लाल जी सिंह की तहरीर पर मसौली पुलिस ने खुद को पत्रकार बताने वाले सोहेल अहमद सिद्दीकी और किशन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शिकायत के अनुसार 6 जुलाई को अवर अभियंता के मोबाइल पर रो-हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन लेने के बहाने संपर्क किया गया और 10 जुलाई को उपकेंद्र पर मुलाकात हुई। आरोप है कि दोनों ने विभिन्न दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद परियोजना के लिए कनेक्शन और ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत देने का प्रयास किया। जब जेई ने इससे इनकार किया तो दोनों ने कथित रूप से स्वयं को “न्यूज एक्सप्रेस लाइव” का पत्रकार बताते हुए आई-कार्ड दिखाया और स्टिंग ऑपरेशन कर रिश्वत मांगने के मामले में फंसाने नौकरी से निकलवाने तथा खबरें प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी दी।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ के बाद अवर अभियंता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि दोनों विभागीय अधिकारियों पर मानसिक दबाव बनाने के लिए कथित रूप से तथ्यहीन और भ्रामक खबरें प्रकाशित करते थे।
मसौली पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
