लखनऊ लेह-लद्दाख दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के चार सांसदों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और मौसम के प्रभाव के कारण सांसदों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें लालगंज से सांसद की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जबकि गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी को ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, लेह-लद्दाख में प्रवास के दौरान कई सांसदों को हाई एल्टीट्यूड सिकनेस (ऊंचाई पर होने वाली स्वास्थ्य समस्या) के लक्षण महसूस हुए। लालगंज सांसद की तबीयत ज्यादा खराब हो गई और उन्हें नाक व मुंह से खून की उल्टी होने लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल दिल्ली लाया गया, जहां एम्स में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।
वहीं, सांसद अफजाल अंसारी को सांस लेने में दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। अन्य दो सांसदों की भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वाहन के जरिए होटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सभी सांसद एक आधिकारिक कार्यक्रम के सिलसिले में लद्दाख पहुंचे थे। डॉक्टरों का कहना है कि समुद्र तल से काफी अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, विशेषकर यदि शरीर वहां के वातावरण के अनुरूप पूरी तरह अभ्यस्त न हो।
फिलहाल सभी सांसदों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।
