मेरठ में आवास विकास के खिलाफ धरने में भारी हंगामा पुलिस ने महिला कांग्रेस नेता को लिया हिरासत में
मेरठ शास्त्री नगर सेक्टर-2 में आवास विकास परिषद के खिलाफ चल रहा धरना आज रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। विवाद तब बढ़ा जब महिला कांग्रेस कार्यकर्ता धरने में शामिल होने पहुंचीं, जिसके बाद पुलिसिया कार्रवाई और नेताओं की तीखी नोकझोंक ने माहौल गरमा दिया।शास्त्री नगर सेक्टर-2 में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी महिलाओं का समर्थन करने कांग्रेस नेत्री रीना शर्मा पहुंची थीं। मौके पर मौजूद नौचंदी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। नौचंदी थाना प्रभारी अनूप सिंह का कहना है कि रीना शर्मा महिलाओं को उकसाने का काम कर रही थीं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें थाने ले जाया गया।रीना शर्मा को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। थाने से लेकर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट तक पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों से मिलने की कोशिश की, लेकिन तब तक अधिकारी वहां से जा चुके थे।
”महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि पुलिस का रवैया बेहद शर्मनाक है। रीना शर्मा केवल महिलाओं का साथ देने आई थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रताड़ित किया। हम यह तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।”हंगामे के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। नेताओं ने साफ कर दिया है कि कल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मेरठ पहुंचेंगे और इस आंदोलन को धार देंगे। जाते-जाते नेताओं ने तंज कसते हुए कहा, “कल प्रदेश अध्यक्ष आएंगे, दम है तो रोक लेना।”
नौचंदी पुलिस ने कांग्रेस के प्रताड़ना के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। SO अनूप सिंह के अनुसार, पुलिस ने केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रीना शर्मा को धरने से हटने को कहा था और उनके साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और कांग्रेस कार्यकर्ता कल होने वाले बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी में जुट गए हैं। शास्त्री नगर का यह विवाद अब स्थानीय मुद्दे से बढ़कर राजनीतिक अखाड़ा बनता जा रहा है।

