मेरठ भारतीय संविधान के शिल्पकार और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती आज मेरठ सहित पूरे जनपद में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने का सिलसिला शुरू हो गया।
कचहरी स्थित अंबेडकर चौक पर उमड़ा जनसैलाब
शहर का मुख्य आयोजन कचहरी स्थित अंबेडकर चौक पर हुआ, जहाँ भारी संख्या में अनुयायियों और नेताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। भाजपा नेता कैंट विधायक अमित अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई और पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नेताओं ने बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने भी कचहरी स्थित अंबेडकर चौक पहुँचकर माल्यार्पण किया और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए बाबा साहेब के योगदान को याद किया।
प्रशासनिक अमले ने दी श्रद्धांजलि
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने भी कचहरी चौराहे पर स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। डीएम ने इस अवसर पर जनपद वासियों को बधाई देते हुए अपील की कि सभी नागरिक आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं। उन्होंने बाबा साहेब के सिद्धांतों को आधुनिक भारत की नींव बताया। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ‘युवा संवाद संगम’ का आयोजन किया गया, जहाँ युवाओं को बाबा साहेब के संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया।
शहर के विभिन्न हिस्सों में बाबा साहेब की प्रतिमाओं को फूलों और लाइटों से भव्य रूप से सजाया गया है। कई स्थानों पर विचार गोष्ठियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। केवल शहर ही नहीं, बल्कि मवाना, हस्तिनापुर और सरधना जैसे कस्बों में भी बाबा साहेब की जयंती पर उत्साह देखा जा रहा है। पूरे भारतवर्ष के साथ मेरठ भी आज ‘अंबेडकरमय’ नजर आ रहा है, जहाँ हर वर्ग के लोग “जय भीम” के नारों के साथ समानता और न्याय के प्रतीक को नमन कर रहे हैं।
