श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हित में शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान – सर्वेश पाठक

उत्तर प्रदेश प्रदेश

दिनांक 14 अप्रैल 2026 जनपद गौतम बुद्धनगर (नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा) श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हित में शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान – सर्वेश पाठकजनपद गौतम बुद्धनगर (नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा) में चल रहे श्रमिक आंदोलन के संदर्भ में भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी संगठन के राष्ट्रीय महासचिव श्री सर्वेश पाठक जी ने एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए सभी श्रमिकों एवं कर्मचारियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है।उन्होंने कहा कि श्रमिकों द्वारा उठाई गई अधिकांश प्रमुख मांगों को सरकार द्वारा स्वीकार कर लिया गया है, जो श्रमिक हित में एक बड़ी उपलब्धि है। ऐसे में सभी साथियों को संयम, धैर्य एवं सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए अपने मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करना चाहिए।श्री पाठक ने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन के बीच कुछ असामाजिक तत्व घुसपैठ कर रहे हैं, जो वाहनों एवं संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे ऐसे तत्वों एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें और केवल सत्य एवं अनुशासन के मार्ग पर चलें।उन्होंने कहा कि कोरोना काल में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा श्रमिकों के हित में किए गए कार्य सराहनीय रहे हैं और वर्तमान में भी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्वीकृत 9-सूत्रीय मांगें

  1. ओवरटाइम भुगतान
    सभी श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान निर्धारित दर से दोगुना किया जाएगा।
  2. साप्ताहिक अवकाश
    प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य रूप से प्रदान किया जाएगा। अवकाश के दिन कार्य कराने पर दोगुना भुगतान किया जाएगा।
  3. समय पर वेतन भुगतान
    प्रत्येक माह की 10 तारीख से पूर्व वेतन सीधे श्रमिक के बैंक खाते में स्थानांतरित किया जाएगा।
  4. वेतन पर्ची (Salary Slip)
    पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक श्रमिक को वेतन के साथ वेतन पर्ची प्रदान की जाएगी।
  5. सम्मानजनक व्यवहार
    सभी औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों के साथ गरिमापूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
  6. शिकायत निवारण व्यवस्था
    जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर श्रमिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
  7. त्वरित कार्रवाई
    प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
  8. अनुपालन सुनिश्चित करना
    सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
  9. श्रमिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा
    सभी औद्योगिक इकाइयों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार (First Aid) एवं स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
    अंत में श्री सर्वेश पाठक जी ने सभी श्रमिक भाइयों-बहनों से अपील की कि वे एकजुट रहकर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों की रक्षा करें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या अव्यवस्था से दूर रहें।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *