अयोध्या सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब आगे बढ़ गई है। विवेचक ने हाल ही में बैंककर्मियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब ट्रस्ट से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि सबसे पहले डॉ. अनिल मिश्रा से पूछताछ की जाएगी। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 20 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने नई एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था। पूरे मामले की जांच आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में करने की बात भी कही गई थी। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के बाद जिले में पहले से चल रही पुलिस की जांच सुस्त पड़ गई थी।
पुलिस आरोपियों के अलावा उनसे जुड़े लोगों के नाम खरीदी गई संपत्तियों की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी में खरीदे गए एक मकान को विवेचना में शामिल किया गया है। इन लोगों की संपत्ति भी जब्त की जा सकती है।
