लखनऊ – यूपी से हिमाचल तक नकली दवाओं का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, तीन गिरफ्तार टाइफाइड, मिर्गी और संक्रमण की ब्रांडेड दवाओं के नाम पर हो रहा था फर्जीवाड़ा, पाउडर और भूसी से तैयार कर रहे थे नकली दवाएं
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हिमाचल प्रदेश तक फैले नकली दवाओं के कारोबार का एसटीएफ मेरठ यूनिट, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और हिमाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से तैयार की गई नकली दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई है।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी टाइफाइड, गले और फेफड़ों के संक्रमण, एसिडिटी, नसों के दर्द और मिर्गी के दौरे जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे थे। एसटीएफ के मुताबिक, इन नकली दवाओं को तैयार करने में विभिन्न प्रकार के पाउडर और भूसी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन और वसीम निवासी चिलकाना, सहारनपुर तथा मोनू उर्फ मुन्ना निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नामी कंपनियों की दवाओं की पहचान का इस्तेमाल कर नकली दवाएं तैयार करते थे और उन्हें असली बताकर बाजार में खपाने की तैयारी में थे।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कई प्रकार की नकली दवाएं बरामद हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मिलावटी दवाओं का मामला नहीं, बल्कि पूरी तरह नकली दवाओं के निर्माण और कारोबार का है। संयुक्त टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवाओं की सप्लाई चेन की पड़ताल में जुटी है।
