IMG 20261120 WA0014
12 / 100 SEO Score

प्रतापगढ़-जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक राजा भैया द्वारा बेंती राजभवन में आयोजित श्रीराम कथा का चार दिवसीय धार्मिक आयोजन शुक्रवार को भावुक माहौल में संपन्न हो गया। सनातन धर्म की मजबूती, हिंदुत्व के विस्तार और हिंदू समाज को एकजुट करने का संदेश देने वाले बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के प्रस्थान के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। चार दिनों तक कथा, भक्ति, आध्यात्मिक विमर्श और सनातन संस्कृति की गूंज से सराबोर रहा बेंती राजभवन अब उनके जाने के बाद एक अलग ही सन्नाटे का एहसास करा रहा है। कथा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु उन्हें विदाई देते समय भावुक नजर आए।

राजा भैया के आयोजन में पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने रामकथा के माध्यम से सनातन धर्म के प्रति आस्था, सांस्कृतिक चेतना और हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश दिया। कथा के दौरान उनके विचारों और संबोधनों ने श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण पैदा किया। आयोजन में साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों, सामाजिक क्षेत्र के लोगों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इसे राष्ट्रीय स्तर का धार्मिक समागम बना दिया। चार दिनों तक बेंती धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहा।

हालांकि इस भव्य धार्मिक आयोजन के समापन के साथ ही एक चर्चा भी जोर पकड़ रही है। चर्चा इस बात को लेकर है कि सनातन धर्म, हिंदुत्व, गाय, गंगा और गायत्री की महत्ता पर लगातार जोर देने वाले इस आयोजन में प्रतापगढ़ की उन तीन महान आध्यात्मिक विभूतियों का स्मरण नहीं हुआ, जिन्होंने अपने जीवन और विचारों से देश-दुनिया में सनातन परंपरा को प्रतिष्ठित किया। इनमें स्वामी करपात्री जी महाराज, जगद्गुरु कृपालु जी महाराज और वर्तमान ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का नाम शामिल है।

गौरतलब है कि स्वामी करपात्री जी महाराज और जगद्गुरु कृपालु जी महाराज का प्रतापगढ़ की धरती से गहरा संबंध रहा है। दोनों संतों ने अपने आध्यात्मिक चिंतन, धार्मिक प्रवचनों और सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार से देश-विदेश में बड़ी संख्या में अनुयायी बनाए। गाय, गंगा और गायत्री के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति उनका समर्पण भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। वहीं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भी प्रतापगढ़ की धरती से जुड़े हैं और धार्मिक-सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहने के कारण लगातार चर्चा में रहते हैं।

कथा के मंच से सनातन की मजबूती और हिंदुत्व की एकजुटता का दिया संदेश, लेकिन प्रतापगढ़ की तीन महान आध्यात्मिक विभूतियों की चर्चा न होने पर उठे सवाल
ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब प्रतापगढ़ की धरती पर सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए इतना बड़ा आयोजन हुआ तो जिले की इन आध्यात्मिक विभूतियों का स्मरण क्यों नहीं किया गया? क्या आयोजन के मंच से उनका उल्लेख किया जाना चाहिए था? क्या इससे नई पीढ़ी को अपनी ही धरती के उन संतों और धर्माचार्यों के योगदान को जानने का अवसर नहीं मिलता, जिन्होंने सनातन परंपरा को व्यापक पहचान दिलाई?

बहरहाल, राजा भैया के इस आयोजन ने चार दिनों तक कुंडा को देशभर के सनातन प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनाए रखा। बागेश्वर सरकार की विदाई के साथ कथा का समापन भले ही हो गया हो, लेकिन आयोजन की भव्यता, श्रद्धालुओं की आस्था और प्रतापगढ़ की महान आध्यात्मिक विरासत को लेकर उठी चर्चा अभी थमती नजर नहीं आ रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *