उत्तर प्रदेश इस वक्त भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने वाला है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही अगले छह दिनों तक आसमान से आग बरसने और झुलसा देने वाली पछुआ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को अवध और एनसीआर के कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन इससे लोगों को खास राहत नहीं मिली। बुंदेलखंड समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और लू ने जनजीवन बेहाल कर दिया।
प्रदेश में बांदा सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं प्रयागराज में 46 डिग्री, झांसी में 44.9, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, जिसकी वजह से मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हालांकि राहत की खबर ये है कि करीब छह दिन बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
