वाराणसी वाराणसी के लाला बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की बैंकॉक से आई फ्लाइट IX-215 से पहुंचे दो यात्रियों के बैग की जांच के दौरान टीम को शक हुआ। जब बैग की गहन तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 20 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 22 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनाज और यूसुफ के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों वाराणसी में किसी व्यक्ति को गांजे की खेप सौंपने के बाद मुंबई जाने की तैयारी में थे।
अधिकारियों के मुताबिक हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना ज्यादा महंगा और नशीला होता है और इसकी तस्करी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए की जाती है। फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई हैं।
