महिलाओं का आक्रोश सपा कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व को कर देगा समाप्त

लखनऊ 21 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ में कालिदास मार्ग से लोक भवन तक आयोजित एक भव्य मार्च के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भारी संख्या में जुटी महिलाओं की उपस्थिति को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘नारी शक्ति’ का अपमान करने वाली पार्टियां, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस, अब अपने अंत की ओर हैं। महिलाओं का बढ़ता आक्रोश सपा और कांग्रेस के लिए राजनीतिक विनाश का कारण बनेगा। जब तक आरक्षण नहीं, तब तक संघर्ष जारी के संकल्प के साथ महिलाओं ने अपने अधिकारों के प्रति हुंकार भरी।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में महिलाओं में जो आक्रोश देखने को मिल रहा है, वह सपा और कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी है। आज की यह जनभागीदारी दर्शाती है कि महिलाओं का धैर्य अब जवाब दे रहा है। सपा और कांग्रेस ने महिलाओं का हमेशा अहित किया है, और अब यही महिला शक्ति उनके राजनीतिक अस्तित्व को भस्म कर देगी।

उपमुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों को लेकर विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा, जिन दलों को महिलाएं अपना समर्थन नहीं देतीं, उनका आगामी विधानसभा चुनाव में खाता तक नहीं खुलेगा। जनता अब समझ चुकी है कि कौन सी पार्टी उनके सम्मान और सशक्तिकरण के लिए खड़ी है और कौन सी पार्टी केवल वोट बैंक की राजनीति करती है।

उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जब तक महिलाओं को उनका पूर्ण अधिकार और उचित आरक्षण नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है, जबकि विपक्ष केवल बाधाएं उत्पन्न कर रहा है।

श्री मौर्य ने अंत में विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हैं और वे किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं हैं। महिलाओं की अभूतपूर्व संख्या ने सरकार के प्रति अपना समर्थन जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *