यूपी पंचायत चुनाव 2026 की मतदाता सूची की तारीख फिर बढ़ी अब 10 जून को होगी अंतिम सूची जारी

उत्तर प्रदेश प्रदेश

लखनऊ उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब यह सूची 10 जून 2026 को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर इसकी जानकारी दी है।
यह लगातार पांचवीं बार है जब मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख में बदलाव किया गया है, जिससे चुनावी प्रक्रिया में देरी साफ तौर पर नजर आ रही है।
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण और डुप्लीकेशन हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून तक मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों का क्रमांकन और फोटोयुक्त प्रतियां तैयार की जाएंगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 10 जून को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
गौरतलब है कि पहले यह सूची 15 जनवरी को जारी होनी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से तारीख लगातार आगे बढ़ती रही। पहले 6 फरवरी, फिर 28 मार्च, इसके बाद 15 अप्रैल और फिर 22 अप्रैल की तारीख तय की गई थी। अब कार्य अधूरे रहने के चलते पांचवीं बार तारीख बढ़ाकर 10 जून कर दी गई है।
इस बार की देरी से पंचायत चुनाव की संभावित तारीखों पर भी असर पड़ सकता है, जिस पर अब सबकी नजर बनी हुई है।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *