आज गौतम बुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) के गौर सिटी-2 स्थित जेआर पब्लिक स्कूल में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह के नेतृत्व में विद्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं बच्चों के साथ मिलकर वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी निभाई। अध्यक्ष गीता गुप्ता ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संदेश को दोहराते हुए कहा “एक पेड़ माँ के नाम”।
कार्यक्रम में दोनों पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर बल देते हुए सभी को सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह जी ने ग्रेटर नोएडा की संगठनात्मक टीम एवं स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। व्यापारियों द्वारा उठाई गई जमीनी स्तर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि इनका समाधान शीघ्र ही स्थानीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाएगा।


इसी अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता जी ने चित्रकूट जिले से आए व्यापारी श्री मनोज कुमार जी को संगठन में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। मनोज कुमार जी ने इस दायित्व को स्वीकार करते हुए कहा कि वे अपनी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे।
साथ ही उन्हें बांदा एवं कौशांबी क्षेत्र में संगठन के विस्तार एवं टीम गठन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उसे मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर रुद्र प्रताप सिंह, कुशाग्र पाठक, सुमित, सौरव, सागर, मनोज सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाने एवं व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
