लखनऊ – यूपी में परिषदीय शिक्षकों का प्रमोशन 7 नवंबर तक, प्रमोशन में टीईटी को अनिवार्य किया गया है।
उत्तर प्रदेश में परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया 7 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने सभी बीएसए को निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षकों की वरिष्ठता सूची 23 अक्टूबर तक उपलब्ध करानी है। जिन जिलों में आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची अंतिम नहीं हुई है, वहां 15 दिन के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पदोन्नति के लिए TET पास होना अनिवार्य किया गया है और पात्रता सूची में शिक्षक के TET उत्तीर्ण होने का विवरण दर्ज होगा।
प्राथमिक स्तर TET पास शिक्षक प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक स्तर TET पास शिक्षक उच्च प्राथमिक विद्यालय और दोनों स्तर की TET पास शिक्षक दोनों स्तर के विद्यालयों में पदस्थापन के लिए पात्र होंगे।
डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में चयन समिति बनेगी। इसमें बीएसए सदस्य सचिव, जिला मुख्यालय के राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्य और डीएम द्वारा नामित हिन्दी, उर्दू या अन्य भाषा के विशेषज्ञ सदस्य होंगे।
अभ्यर्थियों की सूची ज्येष्ठता क्रम में चरित्र पंजिका और जरूरी अभिलेखों के साथ चयन समिति के सामने रखी जाएगी। समिति चयनित अभ्यर्थियों की सूची नियुक्ति प्राधिकारी को भेजेगी।
अनुपयुक्त शिक्षकों को हटाकर रिक्त पदों के अनुसार वरिष्ठताक्रम में पात्रता सूची तैयार होगी। पदोन्नति के पात्र शिक्षकों से वरिष्ठता के आधार पर प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालय का विकल्प लिया जाएगा।
जिले में रिक्त पद, वरिष्ठता सूची और पात्रता सूची की जानकारी 23 अक्टूबर तक बेसिक शिक्षा परिषद की ई-मेल पर भेजनी होगी

