उज्जैन के लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस की क्रेन चलाने वाले ड्राअइवर की 19 वर्षीय बेटी का अपहरण हो गया। वह रात करीब 8 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार से दो युवक पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हालांकि वारदात के कुछ घंटे बाद ही युवती ने एक वीडियो परिवार को भेजा है, जिसमें वह कह रही है कि वह अपनी मर्जी से गई है और दो-तीन दिन में लौट आएगी।
अपहरण कह सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी। टीआई प्रतीक शर्मा ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण केस दर्ज किया है। जांच में उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक वारदात में उसके साथ एक अन्य युवक भी शामिल था। ध्रुव का मोबाइल बंद है, जिसे पुलिस ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
कई टीमें तलाश में जुटीं
अपहरण के बाद पुलिस ने आरोपियों और युवती की तलाश के लिए कई टीमें बनाई हैं। एक टीम कार और आरोपियों की तलाश कर रही है, जबकि दूसरी टीम CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को वारदात का फुटेज भी मिला है।
पुलिस आरोपियों के पकड़े जाने के बाद अपहरण की वजह स्पष्ट होने की बात कह रही है। फिलहाल युवती की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
वीडियो बनाकर युवती बोली-अपनी मर्जी से गए, 2-3 दिन में खुद पेश होंगे
उज्जैन में युवती के अपहरण के मामले के बीच युवक-युवती का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से साथ जाने की बात कह रहे हैं। युवक कहता है- “मेरी राजी-मर्जी से भागी है, मैं इससे 4 साल से बात कर रहा हूं।”
युवती भी कहती है कि उसे ले जाने में कोई जबरदस्ती नहीं की गई। युवती वीडियो में कहती है कि वह गाड़ी में बैठी थी, तभी एक महिला ने उसका हाथ पीछे से पकड़ लिया था। युवक कहता है कि उसने उसे खींचा था, लेकिन इसे गलत तरीका नहीं बताया। वीडियो में युवती अपनी उम्र 19-20 साल के आसपास बताती है। युवक कहता है- “हम दोनों अपनी मर्जी से भागे हैं और हमारे घरवालों पर कोई प्रेशर मत डालो।” दोनों ने कहा कि वे 2-3 दिन में खुद पेश होंगे। युवक और युवती ने वीडियो में शादी करने की बात भी कही है।
