नई दिल्ली– भारत मौसम विज्ञान विभाग के प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ ने विशेष मौसम बुलेटिन जारी कर ऑरेंज अलर्ट दिया है। पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना गहन अवदाब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच कलिंगापट्टनम के निकट उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 24 से 27 सितंबर के दौरान उत्तर प्रदेश में वर्षा व्यापक रूप से बढ़ेगी। तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 व 26 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। 24 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। तेज सतही हवा 30-40 किमी प्रति घंटा चल सकती है। कहीं-कहीं भारी बारिश और वज्रपात के साथ झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। 25 और 26 सितंबर सबसे महत्वपूर्ण दिन हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर बारिश की बहुत संभावना है। कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। झोंकेदार हवा 40-50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका है। 27 सितंबर को पूर्वी भाग में अनेक स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी भाग में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
इन जिलों में ज्यादा खतरा
25 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी सहित आसपास के क्षेत्रों में अधिक बताई गई है। पूर्वी जिलों-सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर आदि में भी बारिश तेज रहने का अनुमान है। लखीमपुर खीरी सहित तराई और पूर्वी जिलों में 26-27 सितंबर तक भी भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है।
