15 4
7 / 100 SEO Score

21 सौ महिलाएं 16 को बनाएंगी गिनीज विश्व रिकॉर्ड

बाबू स्टेडियम में होगी सावन गीतों की गूंज

गिनीज बुक की प्रतिनिधि प्रीति सिंह होंगी मौजूद

लखनऊ 12 अगस्त सावन की फुहारों और उल्लास के रंगों में राजधानी लखनऊ 16 अगस्त को विश्व पटल पर अपनी एक नई पहचान बनाएगा। सावन माह के पावन अवसर पर 21 सौ महिलाएं एक साथ हरियाली तीज के गीतों पर थिरककर हरियाला विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी। यह भव्य आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल प्रेक्षागृह में होगा, जिसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई देगी।
इस ऐतिहासिक पल की गवाही देने के लिए अंतरराष्ट्रीय गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की प्रतिनिधि प्रीति सिंह भी विशेष रूप से लखनऊ पहुंच रही हैं।
आयोजन की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही संस्था शिवी शिल्पग्राम की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री व राज्यपाल से पुरस्कृत महिला उद्यमी पुनीता भटनागर ने पत्रकारों को घर घर हरियाली कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सावन का महीना हमारी सनातन संस्कृति का उत्सव और उल्लास भरे त्योहारों का महीना है। शिव पूजन के साथ-साथ हरियाली तीज, कजरी और झूले का उल्लास इस महीने की परम्परागत पहचान है। इसी परंपरा को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह अनूठा आयोजन किया जा रहा है।
गायिका रीना टण्डन ने बताया कि आयोजन के दिन 16 अगस्त को दिन में 21 सौ महिलाएं एक जैसे हरे परिधान, चूड़ियों और मेहंदी से सज-धजकर सावन के गीतों पर सामूहिक प्रस्तुति देंगी। हरे-भरे माहौल, पारंपरिक झूलों और लोक धुनों के बीच यह नजारा बेहद मनोहारी होगा।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता प्रसिद्ध लोक गायिका रीना टण्डन का लाइव प्रस्तुतीकरण होगा। रीना टण्डन अपनी मधुर आवाज में कजरी, सावन और लोकगीतों से पूरे माहौल को उल्लासमय बना देंगी। उनके गीतों पर महिलाएं थिरकती हुई एक साथ विश्व रिकॉर्ड की ओर कदम बढ़ाएंगी।
पुनीता भटनागर ने कहा, हमारा प्रयास है कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और महिलाओं की एकजुटता व शक्ति को दुनिया के सामने लाया जाए। जब 21 सौ महिलाएं एक सुर, एक लय और एक रंग में होंगी तो यह सिर्फ रिकॉर्ड नहीं, बल्कि नारी शक्ति का प्रतीक बनेगा।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश भर से महिला समूह, स्वयं सहायता समूह और सांस्कृतिक संस्थाओं की महिलाएं भाग लेंगी। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *