लखनऊ में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने मातम को और गहरा कर दिया। इटौंजा थाना क्षेत्र के मोहाना इलाके में एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इटौंजा के मोहाना वार्ड में शुक्रवार देर रात मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय निवासी के घर के सामने लोग खाने-पीने के लिए रुके हुए थे। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मकान के छज्जे पर भी खड़े थे। तभी अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 12 वर्षीय दो बच्चों की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, मलबा हटाकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि छज्जे पर क्षमता से अधिक लोगों के खड़े होने की वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

By admin

Translate »