रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े किसान की कुल्हाड़ी से काटकर की गई निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग हत्याओं के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एसओजी और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
खेत जाते समय हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी 50 वर्षीय शशिधर यादव पुत्र स्वर्गीय बुद्धीलाल रविवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर से निकले थे। वह सड़क पार स्थित एक दुकान पर पान खाने के बाद अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करीब तीन बजे अज्ञात हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमलावरों ने शशिधर यादव के गले पर कई वार किए। इसके साथ ही उनकी दाहिनी आंख पर भी प्रहार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
खून से लथपथ शव देखकर मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ शव देखकर गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, शशिधर यादव बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात से गांव के लोग स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ!
