लखनऊ 12 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर कार्यरत है। इसी कड़ी में, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में 13 अप्रैल 2026 दिन सोमवार को मुजफ्फरनगर के नुमाइश ग्राउंड में एक ‘वृहद रोजगार मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं इस मेले का उद्घाटन कर युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

मेले में प्रदेश भर के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को संबोधित करेंगे। केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास और उद्यमिता जयंत चौधरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे एवं प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि में प्रतिभाग करेंगे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि रोजगार मेले में देश-प्रदेश की 200 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं का चयन करेंगी। मेले के माध्यम से कुल 25,000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी-आईटीईएस, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर और परिधान उद्योग सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी।

रोजगार मेले में 8वीं पास से लेकर आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक, बी.टेक, एमबीए सहित विभिन्न योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। सामान्यतः अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 1.50 लाख रुपये से अधिक वार्षिक वेतन वाले रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जबकि कई पदों पर मासिक वेतन 35 हजार रुपये तक भी हो सकता है।

यह रोजगार मेला पूरी तरह समावेशी रोजगार की अवधारणा पर आधारित है। इसमें उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से प्रशिक्षित युवाओं के साथ-साथ अन्य योग्य अभ्यर्थियों को भी रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। महिला अभ्यर्थियों और दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली प्रमुख कंपनियों में जेबीएम मारूति, पेटीएम, टाटा मोटर्स, जेप्टो, एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड सहित कई बड़ी कंपनियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को उसी दिन लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई), ऑफर लेटर या जॉइनिंग लेटर भी प्रदान किए जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *