लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक एवं बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
श्री महाना ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री उमाशंकर सिंह का निधन उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। उनकी सादगी, सहजता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष करते हुए भी श्री उमाशंकर सिंह ने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनका निधन न केवल उनके परिवार और समर्थकों, बल्कि संपूर्ण विधानसभा परिवार के लिए भी अत्यंत दुःखद है।
श्री महाना ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
