फिरोजाबाद 29 जून जनपद फिरोजाबाद के जसराना तहसील अंतर्गत थाना फरिहा क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर चिडरई के पास सोमवार को तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क से गुजर रहे बैटरी चालित ई रिक्शा पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा जिससे उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जबकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा है।
हादसे के समय ई रिक्शा में पांच से छह सवारियां मौजूद थीं। तेज आंधी के कारण हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मौके पर प्रशासन की निगरानी में राहत एवं आवश्यक कार्यवाही जारी है।
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है वहीं जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा को निर्देशित करते हुए कहा है कि मृतकों को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि दी जाए इस बात की पुष्टि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की है घायलों को समुचित इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
