1 3
6 / 100 SEO Score

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत, लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे छह खिलाड़ी, तीन गंभीर घायल

अयोध्या। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी छह लोग लखनऊ से टेनिस खेलकर देवरिया लौट रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। सूचना पर यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। वहीं घायल आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) का इलाज चल रहा है।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। लखनऊ में खेलकर वे देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान सभी नींद में थे, इसलिए हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *