WhatsApp Image 2026 11 21 at 10.35.42
6 / 100 SEO Score

पीएम मोदी शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को करेंगे सम्मानित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के अंतर्गत लखनऊ में होगा देशभर की प्रतिभाओं का सम्मान सीएम योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के 6 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को भी मिलेगा सम्मान

लखनऊ, 20 नवंबर– राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार, 21 नवंबर को पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इनमें 37 प्रशिक्षार्थी अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और 15 प्रशिक्षार्थी शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। समारोह में उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें तीन सीटीएस और तीन सीआईटीएस प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। वहीं, कार्यक्रम में 52 अवार्डीज के अलावा 4200 ट्रेनीज और 209 ट्रेनर्स भी शामिल रहेंगे।

राष्ट्रीय समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित, प्रदेश के लिए गौरव की बात

खास बात यह है कि वर्ष 2022 से 2025 तक लगातार चार वर्षों तक नई दिल्ली में आयोजित हुआ यह राष्ट्रीय समारोह पहली बार देश की राजधानी से बाहर आयोजित किया जा रहा है और इसकी मेजबानी उत्तर प्रदेश को मिली है। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री जयंत चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देशभर में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। लखनऊ में पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समारोह का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और इससे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की नई प्रेरणा मिलेगी।

छह यूपी के युवा, 52 राष्ट्रीय प्रतिभाएं

राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों में उत्तर प्रदेश के छह युवाओं का चयन राज्य में कौशल प्रशिक्षण की उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है। इनमें अलीगंज (लखनऊ) के तीन सीआईटीएस टॉपर्स के अतिरिक्त तीन सीटीएस प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं। इस तरह प्रदेश के युवा न केवल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

लखनऊ के तीन प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर रचा सफलता का इतिहास

लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के तीन प्रशिक्षार्थियों की उपलब्धि इस समारोह में प्रदेश के लिए विशेष आकर्षण होगी। अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र वर्ष 2015 से उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन संचालित है। संस्थान सीआईटीएस योजना के तहत वर्तमान में 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। संस्थान की उपलब्धियों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 10 व्यवसायों के कुल 19 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 16 प्रशिक्षार्थी इसी संस्थान के थे। इसी तरह प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 में 19 व्यवसायों के कुल 38 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 34 प्रशिक्षार्थी इस संस्थान से संबंधित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *