लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल की अध्यक्षता में आज शक्ति भवन, लखनऊ में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों के साथ सेवा संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक वार्ता सम्पन्न हुई।
बैठक में यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक तथा निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
संगठन के प्रतिनिधियों ने ट्रांसफॉर्मरों के क्षतिग्रस्त होने पर उत्तरदायित्व निर्धारण, एसीपी देयता, वरिष्ठता सूची, फेसियल अटेंडेंस, पदोन्नति एवं अन्य सेवा संबंधी मांगों को प्रमुखता से रखा।
अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने संगठन द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवर अभियंताओं का आह्वान किया कि वे नवीन तकनीकों को अपनाएं तथा उच्च शिक्षा एवं सतत प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता में निरंतर वृद्धि करें।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के लिए ट्रांसफॉर्मरों पर ओवरलोडिंग रोकने, क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन, विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अनुरक्षण माह के दौरान अधिकतम अनुरक्षण कार्य, राजस्व वसूली में वृद्धि तथा 33/11 केवी उपकेंद्रों पर कुशल कार्मिकों से ही कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
