अम्बेडकरनगर।-जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अमरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए। घायल पक्ष ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने और आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित रणधीर पुत्र रामनयन निवासी अमरोला ने बताया कि उसकी माता के नाम दर्ज जमीन पर गांव के कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। आज सुबह करीब 5:30 बजे से 6:00 बजे के बीच विरोध करने पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने एक राय होकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर रणधीर को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पीड़ित का आरोप है कि शोर सुनकर जब परिवार के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपित घर में घुस आए और महिलाओं समेत अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ किए जाने तथा नल क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया। घायल पक्ष का आरोप है कि गंभीर मारपीट और जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कुछ सिपाहियों का तबादला न होने के कारण ऐसी घटनाओं में निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लोगों का आरोप है कि वर्षों से एक ही क्षेत्र में जमे रहने के कारण कुछ पुलिसकर्मियों की स्थानीय लोगों से नजदीकियां बढ़ जाती हैं, जिससे पीड़ित पक्ष का भरोसा कमजोर होता है।
पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
