आजमगढ़ — थाना अहरौला क्षेत्रांतर्गत ग्राम शंभूपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी व 02 अन्य व्यक्तियों को गोली मारकर हत्या की सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारीगण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल एवं फॉरेन्सिक टीम मौजूद है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, डॉ0 अनिल कुमार का आधिकारिक व्यक्तव्य।
आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर की दुस्साहसिक वारदात अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद में फायरिंग से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आरोपी अरविंद सिंह की पत्नी बबीता, महेंद्र पाठक निवासी पटखौली और अखिलेश मिश्रा निवासी छितौना भटौली शामिल हैं। घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले।
बताया जा रहा है कि अरविंद सिंह बाजार से घर पहुंचा था। इसी दौरान पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दोनों पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और फायरिंग की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
