WhatsApp Image 2026 11 19 at 19.08.00
9 / 100 SEO Score

भारत में सोने में मिलावट का एक नया स्कैम (घोटाला) सामने आया है। चीन से मंगाए जा रहे ‘रेनियम पाउडर’ को इस कीमती धातु में मिलाया जा रहा है। यह पाउडर सोने का वजन बढ़ा देता है।

सबसे बड़ी बात यह है कि सामान्य जांच मशीनें और हॉलमार्किंग सेंटर भी इसकी पहचान करने में विफल रहे हैं। यही नहीं, मिलावट के बावजूद कुछ मामलों में यह सोना 24 कैरेट की शुद्धता जांच में पास हो गया।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर मौजूद हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इससे कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया और परीक्षण के दौरान मिश्रण को 24 कैरेट सोने के रूप में पहचाना गया।

ज्वेलर ने बाद में एक अन्य धातु जोड़कर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया। हालांकि आभूषण को हॉलमार्किंग केंद्र में 22 कैरेट सोने के रूप में प्रमाणित किया गया।

रिपोर्ट में दावा किया गया कि इसकी वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73% थी, जो लगभग 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मिलावट वाला आभूषण कई ज्वेलरी शो रूम और परीक्षण सुविधाओं में परीक्षण पास कर गया।

इस प्रकरण ने हॉलमार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का निरीक्षण नहीं हुआ।

विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी मिलावट की पहचान के लिए एक्सआरएफ जांच और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों की जरूरत है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे विश्वसनीय दुकानदारों से हालमार्क वाला सोना खरीदें और बिल तथा जीएसटी इनवाइस जरूर सुरक्षित रखें!!

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *