लखनऊ– उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह जल्द ही गाजियाबाद की रहने वाली मेघना चौधरी के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों का रिश्ता स्कूल के दिनों से जुड़ा है। अलीगढ़ स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहली पहचान हुई थी। उस समय संदीप सिंह मेघना से सीनियर थे। स्कूल की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई और अब दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं।
संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पोते हैं। उनके पिता राजवीर सिंह भी सांसद रह चुके हैं। ऐसे में संदीप सिंह की शादी को लेकर उनके राजनीतिक परिवार की भी चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप सिंह स्कूल से निकल गए थे जबकि मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी। बाद में वह कानून की पढ़ाई के लिए विदेश चली गईं। अलग-अलग स्थानों पर रहने के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। वर्ष 2024 में दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में कुछ पारिवारिक अड़चनें आईं लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई।
मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है और पिछले करीब 15 वर्षों से गाजियाबाद के लाजपत नगर में रह रहा है। उनके पिता अरुण चौधरी कारोबार से जुड़े हैं और परिवार का जूते का व्यवसाय भी है। मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां का नाम विजया चौधरी और छोटे भाई का नाम करन है।
स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती अब वैवाहिक रिश्ते में बदलने जा रही है। संदीप सिंह और मेघना चौधरी के विवाह को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
