गोरखपुर में 45 साल के IIT इंजीनियर का शव उनके फ्लैट में मिला है। शुक्रवार सुबह बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो इंजीनियर का शव सोफे पर पड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी का शव 3-4 दिन पुराना था। शादी नहीं की थी। वह फ्लैट में अकेले रहते थे। 4 साल पहले उनकी नौकरी छूट गई थी। अभिषेक का छोटा भाई अमेरिका में IT इंजीनियर है। पिता सभा त्रिपाठी सिंचाई विभाग में एक्सईएन से रिटायर्ड थे।
मामला सहारा एस्टेट के मल्हार अपार्टमेंट का है। भाई की मौत की जानकारी मिलते ही छोटा भाई अंबरीष अमेरिका से गोरखपुर के लिए रवाना हो गया है। उसके आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अभिषेक त्रिपाठी के माता-पिता की मौत हो चुकी है। नौकरी छूटने के बाद वह मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे। अभिषेक के बड़े भाई आशुतोष बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सुरक्षा गार्ड थे। उनकी 2014 में चेन्नई में बीमारी के कारण मौत हो गई थी। बहन गुड़िया पति के साथ गोरखपुर में रहती हैं। फिलहाल, पोस्टमार्टम में भी मौत की वजह पता नहीं चली है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची अर्चना ने बताया- पिता मूल रूप से कुशीनगर के महासोन गांव के रहने वाले थे, लेकिन गोरखपुर में सिंचाई विभाग में तैनात थे। इसलिए हम लोगों की पढ़ाई-लिखाई यहीं हुई। 16 साल पहले पिता का निधन हो गया। इसके 3 साल बाद मां भी हम लोगों को छोड़कर चली गईं।
भाई अभिषेक पढ़ने में होनहार था। उसने IIT से इंजीनियरिंग की और नोएडा की मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी की। कोरोना काल में वर्क फ्रॉम होम के चलते गोरखपुर आ गया। 4 साल पहले नौकरी छूट गई। इसके बाद वह परेशान रहने लगा और धीरे-धीरे डिप्रेशन में चला गया। परिवार ने लखनऊ में उसका इलाज कराया, लेकिन परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई।
बहन ने बताया- बीमारी के कारण अभिषेक के व्यवहार में बदलाव आ गया था। वह कभी-कभी लोगों से अभद्र भाषा में बात कर देते थे। इसका असर रिश्तों पर पड़ा। रिश्तेदारों-परिचितों का आना-जाना कम हो गया। छोटा भाई अंबरीष पैसे भेजता था, उसी से अभिषेक का खर्च चलता था। मैं और अंबरीष समय-समय पर उससे मिलने आते थे।
पड़ोसी बोले- अकेले पड़ गए थे, ज्यादातर कमरे में रहते थे
पड़ोसियों के मुताबिक, अभिषेक अकेले पड़ गए थे। वह ज्यादातर कमरे में ही रहते और किसी से ज्यादा बात नहीं करते थे। 3-4 दिनों से वह दिखाई नहीं दिए थे। शुक्रवार को फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर उनका शव मिला।
