आगरा आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस में मानव शरीर के 12 टुकड़े मिलने से सनसनी फैल गई।ट्रॉली बैग में शव के टुकड़े मिलने के बाद रेलवे पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक ट्रॉली बैग मिला था, जिसमें से खून बाहर निकल रहा था। बैग देखकर एक यात्री ने शोर मचाया, जिसके बाद यात्रियों ने रेलवे पुलिस को सूचना दी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शव को कई टुकड़ों में काटकर बैग में रखा गया था। हाथ-पैर और पसलियों को तेजाब से जलाने की बात भी सामने आई है।फोरेंसिक टीम ने शव की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए हैं। वहीं, रेलवे पुलिस को चेन्नई रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक-युवती दिखाई दिए हैं, जिनके हाथ में कथित तौर पर वही बैग नजर आ रहा है।फिलहाल पुलिस दोनों संदिग्धों की तलाश में जुटी है और शव की पहचान के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है।
