संतकबीर नगर आत्मदाह का प्रयास संतकबीरनगर कलेक्ट्रेट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक परिवार ने डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह की कोशिश की। दंपती अपने दो बेटों के साथ पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने बोतल का ढक्कन खोलकर आत्मदाह का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ज्वलनशील पदार्थ छीन लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।
आत्मदाह का प्रयास करने वाले बलराम गुप्ता, उनकी पत्नी संजू गुप्ता और दोनों बेटे खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बगहिया चौराहा के रहने वाले हैं। परिवार का आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति उनसे जबरन धन की मांग कर रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने कई बार बरदहिया बाजार पुलिस चौकी में की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से परेशान परिवार ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया। सूचना मिलते ही एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश और एएसपी सुशील कुमार सिंह ने परिवार से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
