एमएसडीयू में सिलिकॉन डिटेक्टर पर विशेष व्याख्यान मॉडलिंग को बताया वैज्ञानिक शोध की रीढ़

विशेष

आजमगढ़ महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में भौतिक विज्ञान विभाग के तत्वावधान में “सिलिकॉन डिटेक्टर” विषय पर एक उच्चस्तरीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विज्ञान और शोध के क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. अजय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे, जो चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर होने के साथ-साथ मलाया विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पारंपरिक रूप से किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने वैज्ञानिक अनुसंधान में मॉडलिंग की केंद्रीय भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक विज्ञान में किसी भी प्रयोग की सफलता काफी हद तक उसकी सटीक मॉडलिंग पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध कार्य में नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता प्रो. अजय कुमार श्रीवास्तव ने अपने व्याख्यान में सिलिकॉन डिटेक्टर की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और इसके तकनीकी पहलुओं को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पार्टिकल फिजिक्स और अन्य उन्नत शोध क्षेत्रों में सिलिकॉन डिटेक्टर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को प्रारंभिक स्तर से ही शोध गतिविधियों में जुड़ने की प्रेरणा दी, जिससे उनके भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके।
इस अवसर पर विभाग के डॉ. अंकुर श्रीवास्तव, डॉ. सचिन राय,डॉ. विजय प्रकाश उपाध्याय,कुलपति के निजी सचिव भूपेंद्र पांडेय, विश्वविद्यालय के गैर-शैक्षणिक कर्मचारी एवं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भौतिक विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. अंकुर चौबे द्वारा किया गया।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *