प्रयागराज में गंगा में नहाते वक्त 7 बच्चे डूबे, 4 की मौत सीएम ने जताई संवेदना
प्रयागराज जिले के मांडा इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया है. इलाके के बामपुर गांव के पास गंगा में नहाने गए 7 बच्चे डूबने लगे. इसमें 3 को बाहर निकाल लिया गया, जबकि 4 बच्चों के शव ही मिल सके. दूसरी तरफ सीएम योगी ने प्रयागराज में हुए हादसे का लिया संज्ञान है. साथ ही मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है. मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
बता दें कि बामपुर गांव निवासी मोहित (13) पुत्र दिगविजय, दिव्यांशु (16) पुत्र कमलेश, अमन (9) पुत्र कृष्ण कुमार, कुनाल (12) पुत्र अनिल, निहाल (10) पुत्र अनिल, दीपक (17) पुत्र राजाराम और ऋषभ (10) पुत्र कमलेश शुक्रवार सुबह गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक गहराई में जाने से सभी डूबने लगे.
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मछुआरे मौके पर पहुंचे. मोहित, दिव्यांशु व अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं कुनाल, निहाल, दीपक और ऋषभ गंगा की लहरों में बह गए. काफी प्रयास के बाद कुनाल और दीपक के शव बरामद कर लिए गए. निहाल और ऋषभ का पता नहीं चल सका था. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निहाल और ऋषभ का भी शव भी कुछ देर बाद बरामद कर लिया. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना पर पहुंचे प्रभारी थाना निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि अब सभी को बाहर निकाला जा चुका है. इसमें चार बच्चों की मृत्यु हो चुकी है और तीन को सुरक्षित निकाला गया है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मौके पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी फोर्स मौजूद है.इस घटना का सीएम योगी ने भी संज्ञान लेते हुए अपनी संवेदना जताई है. दूसरी ओर 4 बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मचा है.



