लखनऊ उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की पारदर्शी और सख्त परीक्षा व्यवस्था के बीच आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में कराई गई।

7,23,540 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल

भर्ती बोर्ड ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 जून 2026 को आयोजित परीक्षा के लिए कुल 9,62,832 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। इनमें से 7,23,540 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 75.15 प्रतिशत है। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर शासन, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की तैयारियां प्रभावी साबित हुईं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रही।

योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का दिखा असर

योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई भी की गई। भर्ती बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम चैनल यूपीपी एग्जाम पेपर और इंस्टाग्राम आईडी यूपी पुलिस लीक के खिलाफ हुसैनगंज थाना, लखनऊ में मुकदमे दर्ज कराए हैं। इन पर परीक्षा संबंधी भ्रामक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है।

इसके अलावा आजमगढ़ में सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में इंस्टाग्राम यूजर आशुतोष कुमार मौर्य के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। वहीं हापुड़ के सर्वोदय इंटर कॉलेज पिलखुआ केंद्र पर परीक्षार्थी सचिन के पास प्रतिबंधित मोबाइल फोन मिलने पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। गोरखपुर के परीक्षा केंद्र नीना थापा इण्टर कॉलेज पर अभ्यर्थी राम प्रकाश को परीक्षा कक्ष में मोबाइल का उपयोग करते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया।

अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर ध्यान न देने की अपील

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने या अभ्यर्थियों को भ्रमित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर ध्यान न दें और पूरी लगन से अपनी परीक्षा की तैयारी करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *