आजमगढ़ विश्व होम्योपैथी दिवस 2026 के अवसर पर राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंडेश्वर, आजमगढ़ में राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में 10 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के क्रम मे शनिवार को “होम्योपैथिक जागरूकता रैली “एवं नुक्कड़ नाटक के साथ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने महात्मा हैनिमन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

जागरूकता रैली ने परिसर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण किया जहां छात्र-छात्राओं ने होम्योपैथी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न नारे लगाए। इसके साथ ही आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को सरल, सुलभ एवं प्रभावी चिकित्सा पद्धति के रूप में होम्योपैथी के महत्व से अवगत कराया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता समर्पण, ऊर्जा और टीम वर्क पर आधारित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने होम्योपैथी को एक समग्र एवं संवेदनशील चिकित्सा पद्धति बताते हुए कहा कि यह न केवल रोग के लक्षणों का उपचार करती है, बल्कि रोगी के सम्पूर्ण व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर कार्य करती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सेवा भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. चंद्र प्रकाश मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि जन-जागरूकता रैली के माध्यम से समाज में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति विश्वास और समझ को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं चिकित्सकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया। 10 दिवसीय इस श्रृंखला के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो जन-जागरूकता के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *